वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। महिला थाना बस्ती पुलिस टीम द्वारा ‘‘आपरेशन साथ-साथ-टूटते परिवारों को जोड़ने की एक पहल’’ के अंतर्गत अलग-अलग रह रहे चार दंपत्तियों को आपसी सुलह-समझौते के बाद पुनः एक साथ रहने के लिए तैयार कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक महिला थाना बस्ती डा. शालिनी सिंह ने पुलिस टीम के साथ मिलकर रंगीता पत्नी राघवेंद्र निवासी वेवसुही थाना मुंडेरवा जनपद बस्ती, पूजा पत्नी राजेश निवासी रखिया थाना कप्तानगंज जनपद बस्ती, सपना पत्नी मार्कण्डेश्वर निवासी माट थाना सहजनवा जनपद गोरखपुर तथा सुभावती पत्नी धर्मेंद्र निवासी बिहरा थाना हरैया जनपद बस्ती के बीच चल रहे पारिवारिक विवादों को सुलझाया।
जानकारी के अनुसार विभिन्न कारणों से इन दंपत्तियों के बीच कई महीनों से मनमुटाव चल रहा था, जिसके चलते वे अलग-अलग रह रहे थे। दोनों पक्षों के बीच संवादहीनता की स्थिति उत्पन्न हो गई थी और साथ रहने की इच्छा समाप्त हो चुकी थी।
महिला थाना प्रभारी डा. शालिनी सिंह ने दोनों पक्षों को समझाकर, आपसी संवाद स्थापित कराते हुए पारिवारिक जीवन के महत्व को बताया। उनके प्रयासों और काउंसलिंग के बाद सभी दंपत्तियों ने आपसी मतभेद भुलाकर पुनः साथ रहने पर सहमति जताई।
महिला थाना परिसर में विधिवत सुलह-समझौता कराया गया, जिसके उपरांत सभी पति-पत्नी को राजी-खुशी एक साथ विदा किया गया। इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

No comments:
Post a Comment