वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
सिद्धार्थनगर। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी द्वारा जनपद सिद्धार्थनगर के थाना जोगिया उदयपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, साइबर सहायता कक्ष, अपराध एवं अपराधी अभिलेख प्रणाली कक्ष, बंदी गृह, मिशन शक्ति केंद्र, आगंतुक कक्ष तथा थाना परिसर का गहन अवलोकन किया।
डीआईजी ने थाना कार्यालय के अभिलेखों का निरीक्षण कर सभी प्रविष्टियों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय एवं थाना परिसर की प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने तथा वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। थाना परिसर में खड़े माल मुकदमाती व लावारिस वाहनों के शीघ्र निस्तारण हेतु विशेष अभियान के अंतर्गत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक ने ग्राम चौकीदारों से संवाद स्थापित कर उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा समय-समय पर सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ग्राम चौकीदारों को साफा वितरित किया गया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी बांसी, क्षेत्राधिकारी सदर, थानाध्यक्ष जोगिया उदयपुर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment