लखनऊ। प्रदेश में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे और सिंथेटिक/शीशा-लेपित नायलॉन पतंग डोरी के निर्माण, भंडारण, उपयोग और बिक्री पर रोक को प्रभावी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने पिछले सप्ताह व्यापक विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई इलाहाबाद उच्च न्यायालय, राष्ट्रीय हरित अधिकरण और राज्य शासन के निर्देशों के अनुपालन में की गई।
अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में 117 गोदामों और 11,899 दुकानों की सघन जांच की गई। पुलिस टीमों को जांच के दौरान भारी मात्रा में अवैध सिंथेटिक मांझा और शीशा-लेपित नायलॉन पतंग डोरी बरामद हुई। जब्त किए गए सामान की अनुमानित कीमत 1,93,960 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के तहत कुल 14 अभियोग दर्ज किए गए, जिनमें 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्तों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) और पुलिस अधीक्षकों (SP) को निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों के मुताबिक, चाइनीज मांझा और शीशा-लेपित नायलॉन डोरी से पतंगबाजी के दौरान गंभीर हादसों, दोपहिया चालकों की चोटों और पक्षियों की मौत जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं। इन्हीं खतरों को देखते हुए यह विशेष अभियान समय-समय पर जारी रखा जाएगा, ताकि जन सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
No comments:
Post a Comment