वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
फर्रुखाबाद। कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा, उ०प्र० (पूर्व), लखनऊ द्वारा बुधवार को फर्रुखाबाद जनपद में पेंशनभोगियों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ‘पेंशनर पहचान पत्र वितरण’, ‘जीवन प्रमाण पत्र’ तथा ‘अपने पेंशनभोगी को जानने’ से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर कन्नौज, शाहजहांपुर और आसपास के जिलों से पेंशन एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी पेंशनभोगियों का माल्यार्पण कर स्वागत और अभिनंदन किया गया।
शिविर के दौरान डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए तथा ‘अपने पेंशनभोगी को जानने’ संबंधी प्रपत्र वितरित कर भरवाए गए। संबंधित विवरणों को संकलित कर पोर्टल पर अद्यतन करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई।
डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘डिजिटल इंडिया’ पहल के अंतर्गत UMANG (उमंग) ऐप के उपयोग और सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही SAMPANN प्लेटफॉर्म की उपलब्धियों और उपयोगिता से भी पेंशनभोगियों को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने भविष्य में प्रदेश के अन्य जिलों में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही।
सीसीए कार्यालय की इस पहल की वरिष्ठ नागरिकों ने सराहना करते हुए इसे पेंशन सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में सहायक लेखाधिकारी अमन अरोड़ा ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment