वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती शमसुल हक के मार्गदर्शन में 22 फरवरी 2026 को अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह (बस्ती क्लब) में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती राज बाबू ने बताया कि इस मेगा शिविर में जिले के समस्त सरकारी विभागों से समन्वय स्थापित कर निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चे, महिलाएं, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किए जाने वाले पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही लाभ दिलाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है, जिससे जानकारी के अभाव में कोई भी व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। इस माध्यम से लोगों को न केवल उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा, बल्कि उन्हें सरकारी योजनाओं से प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित भी किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती के पराविधिक स्वयंसेवकों (अधिकार मित्रों) द्वारा जनमानस को उक्त मेगा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी भी दी जा रही है।

No comments:
Post a Comment