वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मण्डल क्रीड़ा संघ द्वारा ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में आयोजित “अन्तर विभागीय टी-20 क्रिकेट लीग 2026” (आईडीएल) टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला इंजिनियरिंग डेयर डेविल्स और सिक्योरिटी हंटर्स के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सिक्योरिटी हंटर्स ने 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच में इंजिनियरिंग डेयर डेविल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.4 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 85 रन बनाए। टीम की ओर से सचिन चौधरी ने 33 रन, अब्बुस खान ने 21 रन तथा सचिन कुमार ने 8 रन का योगदान दिया। सिक्योरिटी हंटर्स की ओर से गेंदबाजी में विश्वास यादव ने 2 विकेट और रामआशीष यादव ने 3 विकेट झटके।
86 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिक्योरिटी हंटर्स की टीम ने मात्र 10.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 86 रन बनाते हुए आसान जीत हासिल कर ली। रामआशीष यादव ने 39 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि अखिलेश यादव ने 23 रन और अमित सिंह ने 16 रन बनाए। इंजिनियरिंग डेयर डेविल्स की ओर से रोहित और रामदेव ने एक-एक विकेट प्राप्त किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में अपर मण्डल रेल प्रबंधक श्रीमती नीतू (परिचालन) ने विजेता टीम को शील्ड प्रदान की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दोनों टीमों के बीच खेला गया फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को बधाई दी।
सिक्योरिटी हंटर्स के रामआशीष यादव को शानदार प्रदर्शन के लिए “प्लेयर ऑफ द मैच” घोषित किया गया। टूर्नामेंट के “प्लेयर ऑफ द सीरीज” का पुरस्कार अत्ताउल्ला खान को, “सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज” का पुरस्कार मनीष झा को तथा “सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज” का पुरस्कार सिद्धांत सिंह को प्रदान किया गया।

No comments:
Post a Comment