गोरखपुर। अनुसूचित मोर्चा महानगर गोरखपुर के तत्वावधान में राप्तीनगर मण्डल अंतर्गत गंगा टोला, बशारतपुर में संत गाडगे महाराज की 150वीं जन्म जयंती पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माल्यार्पण और पुष्पांजलि कर महान संत को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक बंधुओं का स्वागत किया। प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग मझवार ने मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि संत गाडगे महाराज केवल स्वच्छता अभियान के जनक ही नहीं, बल्कि महान समाज सुधारक थे। उन्होंने जीवनभर सामाजिक कुरीतियों और अंधविश्वास के खिलाफ संघर्ष किया तथा शिक्षा के प्रति जन जागरूकता फैलाने का कार्य किया।
क्षेत्रीय महामंत्री दीपक कुमार ने कहा कि संत गाडगे महाराज का संदेश था कि भले ही घर का बर्तन बिक जाए, रोटी हाथ में लेकर खाना पड़े, लेकिन बच्चों को शिक्षा अवश्य दिलाएं। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमृतलाल भारती ने कहा कि बाबा साहेब के विचारों को आम जनमानस तक पहुँचाने में संत गाडगे महाराज ने विशेष योगदान दिया।
क्षेत्रीय मंत्री सुचीता पासवान ने कहा कि सामाजिक उत्थान और कुरीतियों को दूर करने में संत गाडगे महाराज की भूमिका अतुलनीय रही। मीडिया प्रभारी इंजीनियर बृजमोहन ने बताया कि संत गाडगे बाबा ने कीर्तन के माध्यम से अंधविश्वास और गंदगी के खिलाफ जंग छेड़ी और सिखाया कि ईश्वर मानवता की सेवा और स्वच्छता में बसता है।
कार्यक्रम का आयोजन महानगर उपाध्यक्ष अनिल कनौजिया के नेतृत्व में हुआ, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महानगर उपाध्यक्ष अखिलेश आर्या ने प्रस्तुत किया। प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी राजेंद्र पासवान, महामंत्री दुर्गेश कोरी, मण्डल अध्यक्ष रिंकू भारती सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment