वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव की अध्यक्षता में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह स्थानीय मैरेज हॉल बड़गो खलीलाबाद में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उनका स्वागत उपायुक्त उद्योग राज कुमार शर्मा ने पुष्प गुच्छ भेंट कर किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिससे युवाओं को कौशल विकास, आधुनिक तकनीक, गुणवत्ता सुधार, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं बाजार से जुड़ाव की जानकारी प्राप्त होती है और वे आत्मनिर्भर बनते हैं। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उपायुक्त उद्योग राज कुमार शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण उपरांत प्रशिक्षार्थियों को मुख्यमंत्री युवा अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण सहायता योजना जैसी स्वरोजगारपरक योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त उद्योग जितेन्द्र कुमार गौतम, सहायक प्रबंधक पंकज कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ सहायक आशीष सिंह, फील्ड ऑफिसर आनन्द मिश्रा, यूपिकॉन लखनऊ के कार्यक्रम संयोजक सतीश तिवारी, प्रशिक्षक विपिन सिंह, रचना सिंह सहित अन्य अधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment