वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने गुरुवार देर रात नगर क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका द्वारा संचालित स्थायी एवं अस्थायी रैन बसेरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और शहर के प्रमुख चौराहों पर जल रहे अलावों की स्थिति की समीक्षा की।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अंकुर वर्मा के साथ नगर पालिका अध्यक्ष ने रैन बसेरों में ठहरे यात्रियों एवं निराश्रितों के लिए उपलब्ध बिस्तर, कंबल तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीषण ठंड के दौरान किसी भी व्यक्ति को खुले में सोने के लिए मजबूर न होना पड़े।
निरीक्षण के दौरान शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं चौराहों पर जल रहे अलावों को देखते हुए उन्होंने पर्याप्त लकड़ी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि राहगीरों एवं जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिल सके।
श्रीमती नेहा वर्मा ने आमजन से सीधे संवाद कर नगर पालिका द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि नगरवासियों और बाहर से आने वाले यात्रियों की सेवा एवं सुरक्षा नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कड़ाके की ठंड में किसी को भी असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अलाव एवं रैन बसेरों की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर अश्विनी श्रीवास्तव, पार्थ श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment