लखनऊ। राजधानी लखनऊ घने कोहरे के आगोश में है। दृश्यता बेहद कम होने के कारण शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हवाई संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। खराब मौसम के चलते कई उड़ानें देरी से चलीं, जबकि कुछ को रद्द करना पड़ा।
दिल्ली से लखनऊ आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-2171 लैंड नहीं कर सकी। विमान ने आसमान में करीब 17 चक्कर लगाए, लेकिन दृश्यता मात्र 10 मीटर रहने के कारण लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और फ्लाइट को वापस दिल्ली भेज दिया गया।
लखनऊ से रियाद जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-189 को रद्द कर दिया गया। वहीं, मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-5264 लगभग 45 मिनट की देरी से पहुंची। रियाद से आने वाली फ्लाइनस की फ्लाइट एक्सवाई-333 भी लेट रही।
इसके अलावा हैदराबाद, किशनगढ़ और झारसुगुड़ा से आने वाली उड़ानें 2 से 3 घंटे की देरी से लखनऊ पहुंचीं। लगातार कोहरे के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
.jpg)
No comments:
Post a Comment