वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। परिक्षेत्रीय कार्यालय सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी द्वारा क्षेत्राधिकारी सदर बस्ती, शोहरतगढ़, डुमरियागंज एवं धनघटा के कार्यों की समीक्षा (अर्दली रूम) की गई।
समीक्षा के दौरान डीआईजी बस्ती ने सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय, संवेदनशील एवं उत्तरदायी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु नियमित गश्त बढ़ाने, सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं वैधानिक कार्यवाही करने पर बल दिया।
डीआईजी ने विवेचनाओं में पारदर्शिता, समयबद्ध निस्तारण एवं गुणवत्ता बनाए रखने, साइबर अपराधों में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित कराने, मिशन शक्ति केंद्र को और अधिक प्रभावी बनाने, पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्राधिकारी धनघटा को लंबित आरोप पत्र यथाशीघ्र माननीय न्यायालय में दाखिल कराने के निर्देश दिए। वहीं क्षेत्राधिकारी सदर बस्ती एवं डुमरियागंज को माल निस्तारण तथा साइबर अपराधों में समय से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर बस्ती सत्येन्द्र भूषण तिवारी, क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment