वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जनपद में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने की। बैठक में निर्वाचन कार्य से जुड़े समस्त अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए जाने पर विशेष चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला शुद्ध मतदाता सूची है, इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में जानकारी दी गई कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने, नाम संशोधन कराने तथा अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्राप्त होने वाले फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे अपनी मतदाता सूची में नाम अवश्य जांच लें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो समय रहते संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक सुधार कराएं।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित निर्वाचन से संबंधित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment