वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पूर्व विधायक राजा लक्ष्मेश्वर सिंह की स्मृति में आयोजित खेल कुंभ का शुभारंभ 14 जनवरी बुधवार से देशराज नारंग इंटर कॉलेज वाल्टरगंज के मैदान में किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक अभिनंदन को आमंत्रित किया गया है।
यह जानकारी देते हुए राजा ऐश्वर्यराज सिंह ने बताया कि उनके पिता पूर्व विधायक राजा लक्ष्मेश्वर सिंह की पुण्यतिथि 14 जनवरी से लेकर जन्मदिन 18 अप्रैल तक विभिन्न आयोजन प्रस्तावित हैं। इसी क्रम में खेल कुंभ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को खो-खो एवं दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसके बाद प्रत्येक रविवार को ग्राम स्तर की क्रिकेट टीमों के बीच लीग मैच खेले जाएंगे। इस वर्ष महिला क्रिकेट टीमें भी प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
इसके अतिरिक्त क्रॉस कंट्री, हरडिल (बाधा दौड़), कबड्डी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, जैवलिन, डिस्कस, शॉटपुट एवं हैमर थ्रो प्रतियोगिताओं के प्रारंभिक राउंड प्रत्येक रविवार को आयोजित किए जाएंगे। राजा ऐश्वर्यराज सिंह ने बताया कि 17 एवं 18 अप्रैल को सभी प्रतियोगिताओं के फाइनल मैच खेले जाएंगे।
राजमाता आशिमा सिंह ने बताया कि यह संपूर्ण आयोजन ठाकुर राम जानकी ट्रस्ट, आर.एल.एस. सेवा एवं बाबा गोविंद कलहंस स्पोर्ट्स ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment