वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) एकादश ने रेलवे क्रिकेट ग्राउंड, गोरखपुर में 18 जनवरी 2026 को खेले गए मैत्री क्रिकेट मैच में मीडिया एकादश, गोरखपुर को 6 विकेट से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मीडिया एकादश ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 95 रन बनाए। टीम की ओर से अजय शर्मा ने 3 चौकों की मदद से 23 गेंदों पर तेज 25 रन बनाए। अभिनव चतुर्वेदी ने 23 गेंदों पर 17 रन बनाए, जबकि आशीष श्रीवास्तव ने 8 और प्रशांत श्रीवास्तव ने 7 रनों का योगदान दिया। मीडिया एकादश की पारी में 33 रन अतिरिक्त के रूप में जुड़े। नरसा एकादश की ओर से मनोज ने 4 ओवर में 10 रन देकर 3 विकेट, निपुल ने 4 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिए। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) पंकज कुमार सिंह ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 5 रन देकर 1 विकेट तथा याकूब ने 2 ओवर में 9 रन देकर 1 विकेट प्राप्त किया।
96 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नरसा एकादश ने 4 विकेट खोकर 16 ओवर में 99 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। नरसा एकादश के कप्तान पंकज कुमार सिंह ने 16 गेंदों पर 2 चौकों की सहायता से 17 रन बनाए। बलराम ने 29 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए, जबकि अवनीश यादव ने 19 गेंदों पर 2 चौकों की सहायता से 18 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। रुशिल अग्रवाल ने 2 रन और वीनू पाठक ने 6 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाई।
मीडिया एकादश की ओर से सतीश पांडेय सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट झटके। आशीष श्रीवास्तव और राजीव पांडेय को 1-1 विकेट मिला। मीडिया एकादश के राजन राय ने शानदार क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन किया।
सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन और बलराम की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत नरसा एकादश ने कड़े मुकाबले में मीडिया एकादश को पराजित किया। मीडिया एकादश के अजय शर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। मैच के दौरान बड़ी संख्या में रेल अधिकारी, कर्मचारी, मीडियाकर्मी एवं क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment