बस्ती। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ का द्विवार्षिक अधिवेशन एवं पदाधिकारियों का चुनाव आगामी 11 जनवरी 2026 से प्रारंभ होगा। यह जानकारी संघ के मंत्री मनोज कुमार चौहान ने दी। उन्होंने बताया कि 11 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया एवं उसी दिन नाम वापसी होगी, जबकि मतदान 18 जनवरी 2026 को पं. अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में संपन्न कराया जाएगा।
संघ मंत्री ने बताया कि इस संबंध में प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराते हुए पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाने का आग्रह किया गया है। सोमवार को संघ पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ में प्रदेश नेतृत्व से तथ्यों को छिपाकर कुछ लोगों द्वारा बिना चुनाव स्वयं को पदाधिकारी घोषित कर लिया गया है, जिससे संघ के पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों सहित सफाई कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। इसी कारण अधिवेशन, चुनाव एवं मतदान के माध्यम से विधिवत रूप से पदाधिकारियों का चयन कराया जाएगा।
संघ मंत्री मनोज कुमार चौहान ने बताया कि अधिवेशन एवं चुनाव की प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संघ के सभी ब्लॉक अध्यक्षों, मंत्रियों एवं संबंधित अधिकारियों को सूचना दे दी गई है।
जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते समय जिला कोषाध्यक्ष पेशकार, संगठन मंत्री राम कृपाल चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिवमंगल पांडेय सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment