बस्ती। मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर हरैया विधायक अजय सिंह ने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए गंगा स्नान के लिए निःशुल्क निजी बस सुविधा उपलब्ध कराई। शनिवार को 100 बसों में सवार करीब 5000 श्रद्धालुओं को प्रयागराज के लिए रवाना किया गया।
यात्रा को गोरखपुर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय, अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी एवं अन्य भाजपा नेताओं ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय ने विधायक अजय सिंह के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि असमर्थ और जरूरतमंद लोगों के लिए इस तरह की सेवा निश्चित रूप से अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि संगम स्नान हिंदू धर्म की सबसे पवित्र परंपराओं में से एक है, जो श्रद्धालुओं को आत्मशुद्धि और आस्था का अद्भुत अवसर प्रदान करता है।
अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि मौनी अमावस्या पर तीर्थराज प्रयाग में संगम स्नान का विशेष महत्व है। स्नान और दान से पूर्वज प्रसन्न होते हैं और आने वाली पीढ़ियों को भी इसका पुण्य फल प्राप्त होता है। इससे मोक्ष और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं। विधायक अजय सिंह ने बताया कि यात्रियों के लिए रहने, खाने सहित सभी व्यवस्थाएं निःशुल्क की गई हैं। बसें श्रद्धालुओं को प्रयागराज में संगम स्नान कराने के बाद अयोध्या दर्शन कराते हुए उनके गंतव्य तक पहुंचाएंगी।
उन्होंने कहा कि मौनी अमावस्या का संगम स्नान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा का केंद्र है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ जय श्रीराम के नारे लगाए। विधायक द्वारा श्रद्धालुओं को आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर सुशील सिंह, यशवंत सिंह, पवन कसौधन, प्रेमसागर तिवारी, रवि सोनकर, प्रत्यूष विक्रम सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, श्रीश पाण्डेय, दुष्यन्त विक्रम सिंह, रघुनाथ सिंह, अंकुर वर्मा, भोला निषाद, दिवाकर मिश्र, सरोज बाबा, अजय तिवारी, अमरनाथ सिंह, धर्मध्वज सिंह सभासद, प्रेम शंकर ओझा, विवेक कान्त पाण्डेय सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment