वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर की अध्यक्षता में 07 जनवरी 2026 को महाप्रबन्धक सभाकक्ष, गोरखपुर में एक महत्वपूर्ण कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्वोत्तर रेलवे से जुड़े संरक्षा, सुरक्षा, यात्री सुविधा, यातायात सुविधा तथा इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान प्लान हेड 16, 17, 29, 30, 31, 32, 33, 36, 42, 51, 53, 64 एवं 65 के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इन परियोजनाओं में समपारों पर संरक्षा के सुदृढ़ीकरण, कर्मचारियों हेतु नए रेल आवासों एवं शेडों का निर्माण, वंदे भारत एक्सप्रेस रेक का अनुरक्षण, पार्सल एवं गुड्स शेड से जुड़े कार्य, दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं, फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) पर रैम्प, प्लेटफॉर्मों का उच्चीकरण एवं विस्तार, कैटल रन ओवर (सीआरओ) की रोकथाम, बैरकों का निर्माण, क्षमता विस्तार के कार्य तथा स्टेशनों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए हाई मास्ट लाइट की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने पर विशेष बल दिया। साथ ही उन्होंने रेलवे के सभी पोर्टलों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा, जिससे कार्यप्रणाली पारदर्शी और सुचारू बनी रहे।
महाप्रबन्धक ने कहा कि किसी भी परियोजना की सफलता के लिए सटीक योजना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि सही योजना से कार्य का आधा भाग स्वतः पूरा हो जाता है। बैठक में प्रमुख मुख्य इंजीनियर नीलमणि द्वारा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया गया। बैठक में अपर महाप्रबन्धक सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी एवं मंडल रेल प्रबन्धक उपस्थित रहे।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment