संतकबीरनगर। थाना मेहदावल पुलिस ने जिलाबदर आदेश का उल्लंघन करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया है। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मेहदावल सुरेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग एवं गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर 10 गुण्डा एक्ट में वांछित एवं जिलाबदर घोषित अभियुक्त परशुराम पुत्र कोईल, निवासी तुलसीपुर, थाना मेहदावल, जनपद संतकबीरनगर को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त जिलाबदर अवधि का उल्लंघन करते हुए जनपद की सीमा में लुक-छिपकर निवास कर रहा था।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा अभियुक्त को छह माह की अवधि के लिए जनपद संतकबीरनगर से जिलाबदर किए जाने का आदेश पारित किया गया था तथा आदेश की विधिवत तामील भी कराई गई थी। इसके बावजूद अभियुक्त जनपद में पाया गया। इस संबंध में थाना मेहदावल पर मु0अ0सं0 503/2025 धारा 10 उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्त को 21 दिसम्बर 2025 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।

No comments:
Post a Comment