<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, December 12, 2025

शीतलहरी से राहत हेतु बस्ती में रैन बसेरों एवं कम्बल वितरण की व्यवस्था तेज


बस्ती। अत्यधिक ठंड और शीतलहरी से जनजीवन प्रभावित न हो, इसके लिए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। आश्रयहीन, असहाय एवं कमजोर वर्ग के लोगों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कम्बल वितरण तथा रैन बसेरों की मजबूत व्यवस्था के निर्देश जारी किए गए हैं। अपर जिलाधिकारी (वि/रा) प्रतिपाल सिंह चौहान ने मुख्य चिकित्साधिकारी, सभी उप जिलाधिकारियों और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने को कहा है।

उन्होंने निर्देशित किया कि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण सड़क या फुटपाथ पर सोने को मजबूर न हो। सभी रैन बसेरों एवं शेल्टर होम में गद्दे, कम्बल, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, किचन जैसी आवश्यक सुविधाएँ निःशुल्क उपलब्ध हों। साथ ही अधिक ठंड के समय रैन बसेरों के आसपास अलाव जलाने की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।

प्रत्येक रैन बसेरे के लिए वरिष्ठता प्राप्त एक नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जो संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी संभालेगा। नगर क्षेत्र में अपर नगर आयुक्त तथा अपर नगर मजिस्ट्रेट, जबकि तहसील क्षेत्रों में उप जिलाधिकारी एवं नगर निकायों के अधिकारी नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। सभी रैन बसेरों में केयरटेकर तैनात रहेंगे, जिनके नाम और मोबाइल नंबर गेट पर अंकित किए जाएंगे। रात्रि में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण भी कराया जाएगा।

एडीएम ने बताया कि अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, रेलवे व बस स्टेशनों, बाजारों एवं श्रमिक स्थलों पर रैन बसेरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रैन बसेरों में साफ-सफाई, गरम पानी, मच्छर नियंत्रण, सेनिटाइजेशन व फॉगिंग प्रतिदिन कराई जाए। महिलाओं और पुरुषों के लिए पृथक व्यवस्था भी अनिवार्य है।

उन्होंने राहत कार्यों की सूचना राहत आयुक्त कार्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करने, रैन बसेरों की जियो-टैगिंग और फोटो आपदा प्रहरी ऐप पर भेजने के निर्देश दिए।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages