अनिल श्रीवास्तव
बस्ती। आदर्श नगर पंचायत नगर में आज कान्हा गौशाला का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल तथा भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्र द्वारा किया गया। अतिथियों ने पूजा-अर्चना कर गौशाला का शुभारम्भ किया और गो पूजा भी संपन्न कराई। नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना एवं अधिशासी अधिकारी सृष्टि सिंह ने अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महेश शुक्ल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गो संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रदेश में बड़े पैमाने पर बेसहारा पशुओं के लिए आश्रय स्थलों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। सनातन धर्म में गौ सेवा को पुण्य कार्य बताते हुए उन्होंने लोगों से अपील की कि जन्मदिन, पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर गौशालाओं में आकर गायों की सेवा करें।
भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा निर्मित यह गौशाला सराहनीय है। अब इस क्षेत्र के बेसहारा पशु सुरक्षित और संसाधनयुक्त स्थान पर रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने पहली बार बेजुबान पशुओं की वास्तविक चिंता की है और उनकी सुरक्षा के लिए व्यापक कदम उठाए हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह व पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गौशाला में आने वाले सभी निराश्रित गोवंशों की पूर्ण देखभाल की जाएगी। इसे प्रदेश में एक मॉडल गौशाला के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि आदर्श नगर पंचायत को देश के मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए सबको मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास और अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना ही प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने लोगों से गोवंश की सेवा में आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में भाजपा नेता आनंद सिंह कलहंस, लेफ्टिनेंट चंद्रशेखर शुक्ल, प्रेम प्रकाश चौधरी, रणविजय गौतम, सभासद राम सजन यादव, वीरेंद्र कुमार, दिनेश चौरसिया, राजकुमार चौधरी, तुलसी राम, अखिलेश यादव, विजय साहनी, सत्यराम निषाद, विंदूलाल, संदीप कुमार, जगदीश पांडेय, राकेश पांडेय, शतीश मिश्र, मोनू पांडेय, बिपिन पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment