बस्ती। गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए शुक्रवार को बस्ती प्रेस क्लब में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह आयोजन ‘वीर बाल दिवस’ के अवसर पर किया गया, जिसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को त्याग, साहस और धर्म रक्षा की प्रेरणा देना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने की, जबकि प्रदेश प्रवक्ता व जिला प्रभारी समीर सिंह मुख्य अतिथि रहे। संगोष्ठी में विधायक अजय सिंह, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, गोपेश्वर त्रिपाठी, विपिन शुक्ल, ज्ञानी हर्षदीप सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने साहिबजादों के बलिदान पर अपने विचार साझा किए।
मुख्य अतिथि समीर सिंह ने कहा कि 9 वर्षीय बाबा जोरावर सिंह और 7 वर्षीय बाबा फतेह सिंह का बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाना उन वीर बालकों के प्रति राष्ट्र की सच्ची श्रद्धांजलि है।
जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि यह दिन हमें त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति का संदेश देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवा पीढ़ी को प्रेरित करते हैं और उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए संकल्पबद्ध बनाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन अरविन्द श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर सिख समुदाय और भाजपा के कार्यकर्ता, साथ ही गजेन्द्र सिंह, राजेश पाल चौधरी, भानु प्रकाश मिश्र, चन्द्रशेखर मुन्ना, देवेन्द्र सिंह, जटाशंकर शुक्ल, अभिषेक कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment