अयोध्या। 6 दिसंबर को रामनगरी अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था सख़्त कर दी गई है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में कोतवाली अयोध्या के इंस्पेक्टर पंकज सिंह ने शुक्रवार को स्थानीय व्यापारियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक में अयोध्या व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज गुप्ता, महामंत्री नंदलाल गुप्ता, अनुप गुप्ता, शक्ति जायसवाल, विजय यादव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
इंस्पेक्टर पंकज सिंह ने व्यापारियों से संवाद करते हुए बताया कि 6 दिसंबर को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे कोतवाली क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि फुट पेट्रोलिंग, ड्रोन मॉनिटरिंग, बैरियर चेकिंग और गश्त को तेज कर दिया गया है।
इंस्पेक्टर ने व्यापारियों से अपील की कि दुकान–प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अवश्य कराएं। इससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
बैठक में व्यापारियों द्वारा सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी और किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस–व्यापारी समन्वय को और मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि सुरक्षित वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और इसमें पूरा सहयोग दिया जाएगा।
बैठक के दौरान व्यापार मंडल के सभी पदाधिकारियों ने नवागत इंस्पेक्टर पंकज सिंह का अंगवस्त्र एवं चित्र भेंट कर स्वागत भी किया।

No comments:
Post a Comment