संतकबीरनगर। महिला सुरक्षा, सम्मान और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 के तहत संतकबीरनगर पुलिस ने शनिवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात अभयनाथ मिश्रा के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ यह अभियान संचालित हुआ।
इस दौरान पुलिस ने जनपद के 85 स्थानों पर कुल 2576 वाहनों की चेकिंग की। चेकिंग में 415 स्टंटबाजी करने एवं यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले दोपहिया वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं 12 चारपहिया वाहनों से काली फिल्म, 10 वाहनों से हूटर व बत्ती और 14 वाहनों की गलत नंबर प्लेट हटवाई गई। इसके अलावा 20 चारपहिया वाहनों पर लगे शासकीय अथवा जाति सूचक शब्दों पर भी कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान 938 वाहन स्वामियों को चेतावनी दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य न केवल यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराना है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आमजन में कानून व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि जनपद में सुरक्षित, सम्मानजनक एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था कायम रह सके और महिलाएं निर्भीक होकर अपने कार्य कर सकें।

No comments:
Post a Comment