“मिशन खिलखिलाहट” के तहत बच्चों के घर पहुँचकर किया दुलार
गोरखपुर। कुपोषण मुक्त जनपद बनाने की दिशा में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सराहनीय पहल करते हुए बाल विकास विभाग के नवाचार “मिशन खिलखिलाहट” के तहत विकास खंड खजनी के भैंसा बाजार में तीन कुपोषित बच्चों परी, प्रिया (पुत्री चंदन) एवं बेबी (पुत्री श्यामसुंदर) को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली प्रदान की।
जिलाधिकारी ने बच्चों के घर पहुँचकर उन्हें फल, दूध, हरी सब्जियाँ एवं पोषक तत्वों से युक्त खाद्य सामग्री दी और उनके अभिभावकों को स्वच्छता, टीकाकरण व संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप त्रिपाठी व बाल विकास परियोजना अधिकारी रचना पांडेय को बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्रा ने बताया कि “मिशन खिलखिलाहट” के तहत अधिकारी व कर्मचारी स्वैच्छिक रूप से कुपोषित बच्चों को गोद लेकर उनके पोषण सुधार के लिए सहयोग कर रहे हैं। इस मौके पर उपजिलाधिकारी राजेश सिंह, खंड विकास अधिकारी रमेश शुक्ला, यूनिसेफ मंडल प्रभारी सुरेश कुमार सहित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियाँ एवं आशा बहुएँ उपस्थित रहीं।

No comments:
Post a Comment