गोरखपुर। सितम्बर-अक्टूबर में मनाए गए पोषण माह की रैंकिंग में गोरखपुर जिला इस वर्ष भी प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। बाल विकास विभाग द्वारा लगभग 3.67 लाख गतिविधियों के आयोजन एवं फीडिंग के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की गई। जिलाधिकारी दीपक मीणा और सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी के निर्देशन में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्रा व उनकी टीम के समन्वित प्रयासों से यह सफलता मिली।
पोषण माह में हर ब्लॉक में पोषण रेसिपी, क्विज़, रंगोली, मेहंदी, स्वदेशी टॉयथॉन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। विकास भवन में आयोजित पोषण पंचायत की अध्यक्षता महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने की, जबकि गोरखपुर पोषण संवाद कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन मौजूद रहीं।
अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने भी गोरखपुरवासियों से पोषण अभियान में जुड़ने की अपील की थी। विभिन्न कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान, मंत्री संजय निषाद, सांसद रवि किशन सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। अभियान में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, समाज कल्याण विभागों तथा यूनिसेफ, रॉकेट लर्निंग जैसी संस्थाओं ने सहयोग दिया। जिलाधिकारी ने शीघ्र ही उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने की घोषणा की है।

No comments:
Post a Comment