अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में लोक आस्था का पावन पर्व छठ महापर्व आज बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही सरयू नदी के पावन तट पर लाखों की संख्या में माताएं और बहनें पहुंचीं तथा उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
इसी क्रम में समाजसेवी संस्थान अयोध्या के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव ने भी अपने परिवार के साथ छठी माता की पूजा-अर्चना करते हुए उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने विश्व कल्याण, मानव कल्याण और समाज में सुख-समृद्धि की कामना की।
सुरेश यादव ने बताया कि आगामी 5 नवंबर को सरयू नदी के पावन तट पर “देव दीपावली” का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर 5100 दीपों से विशाल आरती संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं और समाजसेवी संस्थान अयोध्या धाम इसके आयोजन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
सुरेश यादव ने कहा कि “छठ उत्सव लोक आस्था का महान पर्व है। इस दिन व्रती माताएं और बहनें डूबते तथा उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार, समाज और देश की खुशहाली की प्रार्थना करती हैं।”
सरयू घाटों पर इस दौरान प्रशासन और नगर निगम की ओर से सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, जल पुलिस और सफाई व्यवस्था के व्यापक इंतज़ाम किए गए थे, जो काबिले तारीफ रहे। घाटों पर मेले जैसा माहौल था — श्रद्धालु भक्ति में डूबे छठी माता के गीत गा रहे थे, वहीं कई स्थानों पर लोग नृत्य और भजन-कीर्तन में लीन दिखाई दिए।
हर वर्ष की तरह इस बार भी अयोध्या में छठ पर्व का उल्लास चरम पर रहा, और सरयू तट भक्ति, आस्था और दिव्यता के रंगों में रंग गया।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment