बस्ती। आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों की मासिक मंडलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जल निगम, पंचायतीराज, पंचम वित्त आयोग, पर्यटन, लोक निर्माण, लोक शिकायत, कृषि एवं सहकारिता सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने योजनाओं की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए मंडल स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्यों में तेजी लाकर मंडल की रैंकिंग को ऊंचे स्तर पर लाएं। उन्होंने विशेष रूप से पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत सोलर पंप स्थापना में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति को अपर्याप्त बताया और कहा कि आवश्यकता अनुसार शासन स्तर पर पत्राचार किया जाए।
निर्माण कार्यों और शिकायतों के निस्तारण पर विशेष जोर
लोक निर्माण, लोक शिकायत तथा कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय से पूर्ण कराएं और जनशिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
किसानों के हित में उर्वरक वितरण में पारदर्शिता के निर्देश
कृषि एवं सहकारिता विभाग को निर्देशित किया गया कि मंडल में उपलब्ध उर्वरकों का पारदर्शी वितरण सुनिश्चित किया जाए। समितियों के माध्यम से सदस्य किसानों तक उर्वरक पहुंचाई जाए और यूरिया पंपधारकों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
आईजीआरएस मामलों में पारदर्शी निस्तारण की हिदायत
मंडलायुक्त ने आईजीआरएस से संबंधित मामलों में स्पष्ट, तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने और पुष्ट प्रमाण संलग्न करने के निर्देश दिए, जिससे शिकायतकर्ता को असंतोष का अवसर न मिले। इस खंड की कार्यवाही अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार त्रिपाठी द्वारा संचालित की गई।
बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त कमला कान्त पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी बस्ती रवीश गुप्ता, सिद्धार्थनगर डीएम राजा गणपति आर., संतकबीरनगर डीएम आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, डीएफओ डा. शिरीन सिद्दीकी, सीएमओ डा. राजीव निगम, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अवधेश कुमार, डीपीआरओ धनश्याम सागर, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment