बस्ती। गुमशुदा, अपहृता बालक-बालिका एवं महिलाओं की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरानी बस्ती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने भटकी हुई एक महिला को सकुशल उसके परिजनों को सुपुर्द किया।
थाना पुरानी बस्ती पुलिस के अनुसार, दिनांक 30 अक्टूबर 2025 की रात्रि में एक महिला थाने पर पहुंची, जिसने अपना नाम कान्ति पुत्री हरिचरण निवासी ऊँजी, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर बताया। महिला के बताए पते के आधार पर पुलिस ने तत्काल ग्राम ऊँजी के ग्राम प्रधान से दूरभाष पर संपर्क किया। ग्राम प्रधान के माध्यम से महिला के भाई राजकुमार पुत्र हरिचरण से संपर्क स्थापित हुआ।
अगले दिन, 31 अक्टूबर को ग्राम प्रधान बैतुल्लाह पुत्र मो. इद्रीश निवासी महलपुर, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर के साथ महिला का भाई राजकुमार थाना पुरानी बस्ती पहुंचा। पहचान और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद पुलिस ने पीड़िता कान्ति को उसके भाई राजकुमार व ग्राम प्रधान बैतुल्लाह के सुपुर्दगीनामा पर सकुशल परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस की इस तत्परता और मानवीय संवेदना की सराहना स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही है।

No comments:
Post a Comment