गोरखपुर। सरस्वती शिशु मंदिर पक्कीबाग गोरखपुर में शिक्षक दिवस एवं प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रमेश प्रान्त प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ- गोरक्ष प्रान्त ने डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन एवं भारत के उज्ज्वल भविष्य को गढ़ने वाले देव तुल्य आचार्यों को नमन करते हुए कहा कि भारत समृद्ध, समरस तभी होगा जब छात्रों में स्व का भाव होगा। गुरु के तेजस्वी स्वरूप, परिश्रम व प्रयत्न के चलते ही सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है।
श्री सिंह ने कहा कि छात्रों के अन्दर कृतित्व, नेतृत्व कुशलता, व्यक्तित्व विकास, समझदारी और समर्पण जैसे पाँच गुणों का होना आवश्यक है। विद्या भारती के विद्यालय संस्कार के साथ इन सभी पाँच गुणों से युक्त शिक्षा प्रदान करने का कार्य कर रहे हैं। आचार्य चाणक्य ने कहा है कि शिक्षक राष्ट्र का निर्माता होता है। छात्र वर्तमान का कर्ता व भविष्य का निर्माता होता है।
उन्होंने कहा कि भारत का अर्थ है ज्ञान की खोज में लगे रहना। प्राचीन काल में भारत सम्पूर्ण विश्व को शिक्षा व मार्गदर्शन देने के लिए जाना जाता था। इसलिए भारत को विश्व गुरु कहा जाता था। विश्व को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने का कार्य भारत निरंतर करता रहा है। योग, नियुद्ध, दर्शन, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान आदि का ज्ञान सर्वप्रथम भारत ने ही विश्व को दिया। भारत विश्व को परिवार मानता है जबकि विश्व के पश्चिमी देश विश्व को बाजार के रूप में देखते हैं।
अंत में उन्होंने विद्यालय के प्रतिभावान भैया बहिनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जो पिछड़ गए हैं वे निराश न हों, उन्हें और अधिक परिश्रम करने की आवश्यकता है। भारत की संस्कृति अपनों को आगे बढ़ाने की है।
इस अवसर पर सत्र 2024-25 में सम्पन्न हुई बोर्ड परीक्षा के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावियों के साथ ही खेल में विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्थान लाने वालों को पुरस्कृत किया गया।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर एवं डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया गया। मंचासीन अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ राजेश सिंह जी के द्वारा कराया गया।
अध्यक्षीय उद्बोधन आत्मा सिंह सह विभाग संघचालक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरखपुर विभाग के द्वारा दिया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ अवधेश, प्रान्त प्रचाक प्रमुख राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरक्ष प्रान्त, भाग प्रचारक दक्षिण भाग मनीष उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आचार्य संभू नारायण कुशवाहा के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक संजय कुमार, कोषाध्यक्ष महेश गर्ग, विद्यालय की प्रथम सहायिका रुक्मिणी उपाध्याय, गिरीशचन्द्र पाण्डेय विद्यालय के सीबीएसई परीक्षा प्रमुख सहित सम्मान प्राप्त करने वाले भैया -बहन, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

No comments:
Post a Comment