आगरा। आगरा के थाना सदर पुलिस ने सीओडी मैदान के पास मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी केशव बघेल उर्फ नहनू को गिरफ्तार कर लिया। वह लूट के मामले में वांछित था। पुलिस के घेरने पर उसने गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं।
एसीपी सदर डाॅ. सुकन्या शर्मा ने बताया कि 12 नवंबर 2024 को राजपुर चुंगी में महिला से लूट की घटना हुई थी। बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी थी। मंगलवार रात को बाइक सवार बदमाश को सीओडी मैदान के पास घेर लिया गया।
केशव बघेल अमरपुरा, जगदीशपुरा में किराए पर कमरा लेकर रहता है। मूलरूप से शारदा विहार का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने महिला से लूट की वारदात को अपने साथी फारुख के साथ अंजाम दिया था। वह पूर्व में ही जेल भेजा गया था।
No comments:
Post a Comment