- एआरटीओ ने जिले के विभिन्न मार्गों पर की सघन कार्रवाई
- गौर-बभनान व बभनान-हर्रैया रोड पर पकड़े गए 16 गन्ना लदे ट्रक
- फोरलेन पर डबल डेकर बस समेत जेसीबी व ढाई दर्जन बाइकों पर गिरी गाज
बस्ती। जिले के विभिन्न मार्गों पर एआरटीओ पंकज कुमार सिंह ने सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से संचालित होते हुए कुल पांच दर्जन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें कुछ को सीज कर दिया गया तो कुछ पर जुर्माना भी लगाया गया।
एआरटीओ पंकज कुमार सिंह की अगुवाई में निकली टीम ने पहले हर्रैया से बभनान जाने वाले मार्ग पर जांच अभियान शुरू किया। यहां बभनान मिल पर ट्रकों से पहुंचाए जा रहे मानक से अधिक उंचाई व चौड़ाई में लदे गन्ने के 9 ट्रकों को पकड़ लिया। इन सभी ट्रकों का चालान कर दिया गया। इसके बाद बभनान-गौर रोड पर 7 ट्रक ऐसे पाए गए, जिन पर ओवरहाइट गन्ने लदे थे। साथ ही कुछ का फिटनेस व अन्य कागजात दुरुस्त नहीं थे। इनका भी चालान कर दिया गया।
उसके बाद अयोध्या-गोरखपुर फोरलेन स्थित मड़वानगर टोल प्लाजा पर पहुंची टीम ने बिना परमिट व बिना टैक्स अदा किए चल रही डबल डेकर बस को पकड़ लिया, जिस पर दो लाख रुपए का जुर्माना लगा दिया गया।
बस्ती-डुमरियागंज रोड पर पहुंची एआरटीओ की टीम ने दस ऐसे वाहनों को दबोच लिया, जिनका न तो परमिट था और न ही फिटनेस था। लिहाजा उन्हें सीज कर सोनहा थाना परिसर में खड़ा करवा दिया। इन मार्गों पर धरपकड़ अभियान में निकली टीम ने कुल 30 बाइकों के खिलाफ भी कार्रवाई की। इस पर सवार या तो हेलमेट नहीं लगाए थे, या फिर बाइक चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे थे। अंत में टीम ने अयोध्या-गोरखपुर फोरलेन स्थित बस्ती के मूड़घाट चौराहे पर तीन जेसीबी पकड़ लिए जो बिना परमिट व टैक्स जमा किए संचालित हो रहे थे। इन पर दो लाख रुपए का जुर्माना लगा दिया गया।
लगातार चलेगा जांच अभियान
जिले में संचालित हो रहे अवैध वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए दो अन्य टीमों का भी गठन किया जा रहा है। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले व अवैध रूप से संचालित होने वाले वाहनों का संचालन हर हाल में बंद किया जाएगा - पंकज कुमार सिंह, एआरटीओ, बस्ती।

No comments:
Post a Comment