<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, July 22, 2023

मुख्य सचिव ने ग्राम रसौली में अमृत सरोवर के निकट पौधारोपण किया


लखनऊ। प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने आज बाराबंकी जनपद के ग्राम रसौली में अमृत सरोवर के निकट पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज एक दिन में 30 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि देखने में यह लक्ष्य मुश्किल लगता है लेकिन हमारे प्रदेश में 25 करोड़ लोग रहते है, प्रत्येक व्यक्ति पेड़ लगायेगा, तो इस लक्ष्य को प्राप्त करना सम्भव है।ग्राम रसौली में पौधारोपण समारोह में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने भी पौधारोपण किया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी श्रीमती नीना शर्मा, निदेशक दीन दयाल उपाध्याय राज्य ग्रामीण विकास संस्थान उत्तर प्रदेश ,पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती एकता सिंह सहित अन्य उपस्थित अधिकारियों ने भी पौधारोपण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने ओडीओपी के अन्तर्गत जनपद के उत्पाद मुख्य सचिव को भेंट किये।मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने इस सम्बन्ध में बताया कि पिछले छः वर्षाे में 137 करोड़ पेड़ लगाये जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की संस्था ने पौधारोपण कार्यक्रम का अध्ययन किया है और अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि जिन पौधों को रोपित किया गया उनमें से 93 प्रतिशत पौधे जीवित है एवं बड़े हो रहे है। मुख्य सचिव ने कहा कि पौधारोपण अभियान में सभी नागरिकों को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए क्योंकि जलवायु परिवर्तन आज बड़ी समस्या बन चुका है, कभी अत्यधिक वर्षा होती है, तो कभी बिल्कुल वर्षा नहीं होती है। यदि लोगों को बचाना है तो हमें अपनी प्रकृति का संरक्षण करना होगा। पौधारोपण से पृथ्वी प्रदूषण से बचेगी और सभी को रहने के लिए अच्छा वातावरण भी मिलेगा।
मुख्य सचिव ने इस अवसर पर कहा कि बाराबंकी सहित पूरे प्रदेश में आज एक उत्सव का माहौल है, हर कोई पेड़ लगाने को उत्सुक नजर आ रहा है। आज हमारे प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा मुजफ्फरनगर में पौधरोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल पेड़ पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें बचाना भी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ पौधे जितनी अधिक संख्या में लगाये जायेंगे, उतनी ही अधिक मात्रा में ऑक्सीजन मिलेगी और मानव जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार होगा।मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने बताया कि प्रकृति को संरक्षित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश के समस्त जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में अमृत सरोवर तैयार कराये गये हैं। प्रत्येक गांव में 2-2 अमृत सरोवर बनाये गये हैं। उन्होंने बाराबंकी सहित प्रदेश के समस्त नागरिकों से अपील की है कि प्रकृति को बचाने के लिए पौधारोपण कार्यक्रम एक महायज्ञ है, इसमें अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। अपने आपको बचाने के लिए घर से जरूर निकलिये और पेड़ अपने लिए व अपने घरे के सदस्यों के लिए लगाइये। उन्होंने किसान भाइयों से भी अपील की कि वह अपने खेत के हर मेड़ पर पेड़ जरूर लगाये।
इसके बाद मुख्य सचिव ने ग्राम इन्धौलिया(ग्राम पंचायत अकबरपुर धनेठी विकासखंड मसौली) में इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट तकनीक का फील्ड डेमोंस्ट्रेशन का निरीक्षण किया।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने इससे सम्बन्धित जानकारी मुख्य सचिव को उपलब्ध करायी। इसके बाद वह विकास खण्ड हरख के ग्राम दौलतपुर पहुॅचे। यहॉ पर विख्यात प्रगतिशील किसान पद्मश्री राम सरन वर्मा के फार्म हाउस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया तथा महिलाओं को श्री अन्न, पौष्टिक आहार पैकेट वितरित किये। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि यह स्थान उन्नतशील किसानों के लिए प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में भी कार्य कर रहा है और प्रेरणा स्रोत के रूप में भी। उन्होंने कहा कि यहां पर मिलेट्स की खेती होती है। केले की उन्नतिशील प्रजातियों की खेती होती है तथा कृषि अनुसंधान से सम्बन्धित अनेकों कार्य होते है, जिनकी प्रशंसा की जाती रही है। उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि रसायन रहित खेती को कैसे बढ़ावा दिया जाये, कैसे उपज को प्राकृतिक संसाधनों से ही पैदा किया जाये कि उनकी पौष्टिकता खत्म न हो। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित किसानों से उनके विचार भी सुने तथा पौधारोपण भी किया।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages