गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद के अध्यक्ष सतीश शर्मा को पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर जिलाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनके संगठनात्मक अनुभव, कार्यकुशलता और पार्टी के प्रति समर्पण को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर दोबारा भरोसा जताया है। उनकी पुनर्नियुक्ति से जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, शॉल, पगड़ी एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका जोरदार स्वागत किया। मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को बधाई भी दी गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि सतीश शर्मा के नेतृत्व में जिले में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलेगी। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज किया जाएगा।
स्वागत से अभिभूत सतीश शर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं का सम्मान और आम जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करने का आह्वान किया।
- चाचा नेहरू के योगदान को याद कर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि पंडित नेहरू स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल होने के साथ आधुनिक भारत के निर्माण के दूरदर्शी शिल्पकार थे। लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके कार्यकाल में बड़े बांधों, इस्पात संयंत्रों, आईआईटी, एम्स और वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थानों के विकास को बढ़ावा मिला। इन प्रयासों ने देश की औद्योगिक, शैक्षिक और वैज्ञानिक प्रगति की आधारशिला मजबूत की।
वक्ताओं ने कहा कि नेहरू बच्चों को देश का भविष्य मानते थे। बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के प्रति उनका विशेष लगाव था। इसी स्नेह के कारण बच्चे उन्हें चाचा नेहरू कहते थे और उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा, समान अवसर और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराना ही चाचा नेहरू के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
- गाजियाबाद के गठन के 50 वर्ष पूरे होने पर तिवारी और मौर्य को किया याद
कार्यक्रम में गाजियाबाद जनपद के गठन के 50 वर्ष पूरे होने पर भी चर्चा हुई। कांग्रेसजनों ने कहा कि 14 नवंबर 1976 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के कार्यकाल में तत्कालीन सांसद बुद्ध प्रिय मौर्य की मांग पर गाजियाबाद को नए जनपद के रूप में स्थापित किया गया था। जनपद के गठन में योगदान देने वाले दोनों नेताओं को याद करते हुए उनके प्रति आभार जताया गया। वक्ताओं ने कहा कि गाजियाबाद के विकास की जिस परिकल्पना के साथ नए जनपद का गठन हुआ था, वह आज लगातार आगे बढ़ रही है।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के इतिहास और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों के कार्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन होना चाहिए। किसी भी सरकार की उपलब्धियों को राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि उसके कार्यों और जनहित में किए गए प्रयासों के आधार पर देखा जाना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, आशुतोष गुप्ता, मीडिया प्रभारी सीमा, नजमीन, विक्रांत पाराशर, सेवादल अध्यक्ष सविता जैसवाल, उदय सिंह पाल, रूबी मलिक, सत्य प्रकाश त्यागी, रिजवान मलिक, शमशाद भाई, नवाब भाई, अनवर कुरैशी, राजीव शर्मा, अनिल शर्मा, राजेश शर्मा, हाजी खुर्शीद, राशिद रंगरेज, नेम त्यागी, हरेंद्र सिंह, बाबा बाबूराम आर्य, लज्जा यादव, आरटीआई अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह त्यागी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment