संतकबीरनगर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर संतकबीरनगर पुलिस पूरी सक्रियता के साथ मिशन शक्ति 6.0 अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में बुधवार को जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।
अभियान के तहत पुलिस की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों के आसपास जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपाल लगाकर महिलाओं और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं महिला बीट कर्मियों ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के प्रति आश्वस्त किया।
कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने बघौली, उतरावल और कोलुहा लकड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। महिला थाना की टीम ने गोला बाजार, बड़गो, मेहदावल बाईपास एवं बरदहिया में महिलाओं से संवाद किया। मेंहदावल पुलिस ने तुलसीपुर, बखिरा पुलिस ने नन्दौर चौराहा एवं डोडिया चौराहा तथा धर्मसिंहवा पुलिस ने छिबरा और देउरा में महिलाओं, बालिकाओं एवं स्कूली छात्राओं को पंपलेट वितरित कर जागरूक किया।
कार्यक्रमों में महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी बताई गई।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को आत्मरक्षा के उपायों, महिला अधिकारों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़ अथवा अन्याय की स्थिति में चुप रहने की जरूरत नहीं है। महिलाएं बिना किसी डर या संकोच के अपनी शिकायत पुलिस तक पहुंचाएं। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि शिकायतों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
मिशन शक्ति 6.0 के माध्यम से संतकबीरनगर पुलिस का प्रयास है कि जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाकर महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया जाए, ताकि वे सम्मान के साथ आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।

No comments:
Post a Comment