वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व विभाग में चयनित उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें जनपद बस्ती के 14 नवनियुक्त कनिष्ठ सहायक भी शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 4,300 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की। इसके तहत बस्ती के 195 लाभार्थियों के बैंक खातों में 9 करोड़ 67 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि ऑनलाइन अंतरित की गई।
जनपद के एनआईसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छह लाभार्थियों श्रीमती आशा, राजकुमारी, मंजू यादव, ज्ञानमती, निधि दुबे एवं गीता देवी को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। चेक वितरण गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक हर्रैया के प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, विधायक कप्तानगंज के प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर एवं विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि हरीश सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर सांख्यिकीय अधिकारी अजय कुमार चौधरी, नायब तहसीलदार बस्ती सदर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment