बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आगामी 12 दिसंबर 2026 को जनपद बस्ती में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट मुख्यालय तथा जिले के समस्त तहसील मुख्यालयों पर होगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने बताया कि माननीय जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के मार्गदर्शन में लोक अदालत की तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के मामले, बैंक ऋण वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, श्रम एवं पारिवारिक विवादों के साथ भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त विद्युत एवं जलकर विवाद, चोरी से संबंधित विद्युत विवाद, वेतन एवं सेवानिवृत्ति लाभ से जुड़े सेवा संबंधी मामले, राजस्व वाद तथा किराया, सुखाधिकार, व्यादेश, विशिष्ट अनुतोष एवं आर्बिट्रेशन से संबंधित सिविल वाद भी लोक अदालत में निस्तारित किए जाएंगे।
सचिव ने बताया कि ऐसे अन्य मामले भी राष्ट्रीय लोक अदालत में रखे जाएंगे, जिनका समाधान आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर संभव है। उन्होंने संबंधित पक्षकारों से अपील की कि वे अपने मामलों का त्वरित एवं सरल समाधान प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं।

No comments:
Post a Comment