गोरखपुर। दशहरा, दीपावली, छठ पूजा और आगामी यूपीएसएसएससी (PET) परीक्षा के मद्देनजर रेलवे स्टेशन गोरखपुर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने पुलिस उपाधीक्षक रेलवे अशोक कुमार सिंह के साथ स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, पार्किंग, वेटिंग हॉल, सर्कुलेटिंग एरिया और प्रवेश-निकास द्वारों का भ्रमण किया। त्योहारों के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, नियमित गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
PET परीक्षा को ध्यान में रखते हुए टिकट काउंटरों पर भीड़ का आकलन कर आवश्यकतानुसार वैकल्पिक काउंटरों की व्यवस्था के लिए रेलवे प्रशासन से समन्वय स्थापित करने को कहा गया। परीक्षार्थियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क बनाने तथा स्टेशन पर उनके सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने जीआरपी थाना प्रभारी को पुलिस बल की प्रभावी तैनाती, यात्रियों के सामान की सुरक्षा और पुलिस उपकरणों को सक्रिय अवस्था में रखने के निर्देश दिए। स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों के कारण यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए भी आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया।
इस दौरान अधिकारियों ने ट्रेन संख्या 13020 बाघ एक्सप्रेस में सघन चेकिंग की और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस कर्मियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
रेलवे पुलिस का उद्देश्य त्योहारों और PET परीक्षा के दौरान यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ स्टेशन पर भीड़ का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना है।

No comments:
Post a Comment