वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मंगलवार को शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कंपनी बाग, फव्वारा चौराहा, रौता चौराहा, रोडवेज चौराहा, दक्षिण दरवाजा, अस्पताल चौराहा, कोतवाली तथा करूआ बाबा क्षेत्र का भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई, विद्युत सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर आवागमन सुचारु रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पूजा पंडालों में बिजली के कनेक्शन, तारों और उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखें।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिस प्रबंधन और विभागों के बीच समन्वय पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, उपजिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार तथा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment