<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, October 22, 2026

यात्रियों से सीधे संवाद कर सुविधाओं का फीडबैक ले रहे पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा यात्री सुविधाओं में सुधार के उद्देश्य से महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बुधवार को गोरखपुर जंक्शन पर यात्रियों से सीधे संवाद किया। विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत उन्होंने यात्रियों से सफाई व्यवस्था, प्रतीक्षालयों और अन्य यात्री सुविधाओं के बारे में जानकारी लेकर उनके सुझाव आमंत्रित किए।

महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो पर स्थित प्रतीक्षालयों, अनारक्षित टिकट प्रणाली (यूटीएस) काउंटरों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही गाड़ी संख्या 19037 बांद्रा टर्मिनस-बरौनी एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों से बातचीत कर उनके यात्रा अनुभव और समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित विभिन्न वर्गों के यात्रियों से फीडबैक लेकर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस दौरान महाप्रबंधक ने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना और रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखना पूर्वोत्तर रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से स्टेशनों, ट्रेनों, रेलवे परिसरों, आवासीय कॉलोनियों और कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों से मिलने वाले सुझाव सफाई व्यवस्था में सुधार करने और उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने में सहायक होंगे।
उन्होंने सफाई मित्रों और रेल कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए यात्रियों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि रेल परिसर को साफ रखना केवल रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक यात्री का भी दायित्व है। यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए तथा ट्रेनों और रेलवे परिसर में पान-गुटखा खाकर नहीं थूकना चाहिए।
जनसंवाद के बाद महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म संख्या नौ पर पार्किंग व्यवस्था और पे एंड यूज शौचालय की साफ-सफाई का जायजा लिया। वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर सहित तीनों मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों से संवाद कर स्वच्छता और कचरा निस्तारण के संबंध में सुझाव प्राप्त किए।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, विशेष स्वच्छता अभियान 2 से 31 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों, कार्यालयों और अन्य प्रतिष्ठानों में सफाई एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यात्रियों से लगातार संवाद कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल, प्रमुख मुख्य यांत्रिक प्रबंधक रवीश कुमार, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सत्य प्रकाश सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages