वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। यूपीएससी संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा-2026 में ऑल इंडिया प्रथम रैंक हासिल कर बस्ती का गौरव बढ़ाने वाली यूनीक साइंस एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रौता की पूर्व छात्रा शिवांगी श्रीवास्तव को विद्यालय प्रबंधन ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। शिवांगी, अजय श्रीवास्तव एवं शशि श्रीवास्तव की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के डायरेक्टर संतोष कुमार श्रीवास्तव और प्रधानाचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव ने शिवांगी को सम्मानित किया। डायरेक्टर ने बताया कि शिवांगी ने प्ले-वे से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की। वह प्रत्येक कक्षा में टॉपर रही हैं और उच्च शिक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अब यूपीएससी संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा में देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर उन्होंने अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन किया है।
अपनी सफलता का अनुभव साझा करते हुए शिवांगी ने कहा कि उनके माता-पिता और विद्यालय के शिक्षकों को उन पर पूरा भरोसा था कि वह कुछ बड़ा कर सकती हैं। इसी विश्वास से प्रेरित होकर उन्होंने पूरी लगन और मेहनत से तैयारी की। उन्होंने बताया कि बिना किसी ट्यूशन के स्वाध्याय के दम पर परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल किया।
शिवांगी ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू करने से पहले पाठ्यक्रम को अच्छी तरह समझना चाहिए। पढ़ाई के दौरान एकाग्रता बनाए रखना और मोबाइल से दूरी रखना जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से इंटरमीडिएट तक के विद्यार्थियों को मोबाइल के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। साथ ही कहा कि पहली कोशिश में सफलता न मिलने पर निराश होने के बजाय दोबारा पूरी मेहनत से तैयारी करनी चाहिए।
प्रधानाचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर विद्यार्थी कठिन से कठिन परीक्षा में भी सफलता प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं शालिनी श्रीवास्तव, शोभा पाण्डेय, संगीता श्रीवास्तव, सुमन त्रिपाठी तथा शिक्षकों दुर्गेश कुमार, रमेश श्रीवास्तव, सुहैल अहमद सहित अन्य ने शिवांगी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

No comments:
Post a Comment