महादेवा, बस्ती। समाज में आपसी भाईचारा, सदाचार और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से भंते प्रज्ञानंद के नेतृत्व में बौद्ध भिक्षु दस दिवसीय धम्म चारिका पर निकलेंगे। दीक्षा दिवस के अवसर पर शुक्रवार सुबह 10 बजे बेहिल स्थित अखिल भारतीय बाबासाहेब भीम ज्योति आनंद बौद्ध विहार से भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस दौरान बौद्ध भिक्षु गांव-गांव पहुंचकर लोगों को भगवान बुद्ध के विचारों और धम्म के सिद्धांतों से परिचित कराएंगे।
धम्म चारिका के माध्यम से ग्रामीणों को सामाजिक सद्भाव, नैतिक आचरण और नशामुक्त जीवन का महत्व समझाया जाएगा। भिक्षु ग्रामीणों से संवाद कर पंचशील के सिद्धांतों के बारे में जानकारी देंगे और उन्हें जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। इस पहल का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ आपसी सहयोग, प्रेम और सद्भाव की भावना को बढ़ावा देना है।
भिक्षु संघ के अनुसार, दस दिवसीय भ्रमण का समापन अगले सोमवार को मुंडेरवा क्षेत्र के जगदीशपुर में होगा। समापन अवसर पर बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद धम्म देशना के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
धम्म चारिका में भंते प्रज्ञानंद, शिवनाथ बौद्ध, धर्मराज बौद्ध, टीडी प्रसाद, दर्शन कुमार, प्रदीप कुमार गौतम, दिलीप कुमार राव, हृदयराम बौद्ध, लखपति बौद्ध और शांति बौद्ध सहित अन्य बौद्ध भिक्षु शामिल रहेंगे।

No comments:
Post a Comment