बस्ती। समाज के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से देव फाउंडेशन के आठवें स्थापना दिवस पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ब्लॉक रोड स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता, प्रशासन, राष्ट्रसेवा और सामाजिक कार्यों से जुड़ी विभूतियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन फाउंडेशन के संस्थापक रामजी पांडेय ने किया।
समारोह के मुख्य अतिथि छोटी छावनी के महंत कमल नयन दास जी महाराज ने कहा कि समाजसेवा मनुष्य का स्वाभाविक गुण है। लोककल्याण के लिए देव फाउंडेशन की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि समाज में सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना को निरंतर विकसित करने की आवश्यकता है। समाज के प्रति समर्पित होकर कार्य करने से सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में राजेंद्र नाथ त्रिपाठी, कर्नल केसी मिश्रा और सेवानिवृत्त सेल टैक्स कमिश्नर कमलापति त्रिपाठी को उनके योगदान के लिए ‘बस्ती भूषण’ सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. डीके गुप्ता, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं राजन डिग्री कॉलेज के निदेशक राकेश चतुर्वेदी, समाजसेवी राजन गुप्ता, डॉ. ओमप्रकाश आर्या तथा प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र श्रीवास्तव को ‘बस्ती गौरव’ सम्मान से सम्मानित किया गया।
देव फाउंडेशन के संस्थापक रामजी पांडेय ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के लिए समर्पित व्यक्तियों को सम्मानित करने से अन्य लोगों को भी जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
आयोजन में निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. वीरेंद्र त्रिपाठी, डॉ. डीके गुप्ता, ध्रुव गुप्ता, संजय द्विवेदी और पंकज गोस्वामी सहित सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment