<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, October 20, 2026

त्योहारों पर रेलवे की सौगात, चंडीगढ़-बरौनी के बीच चलेगी विशेष ट्रेन


गोरखपुर। आगामी त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने चंडीगढ़-बरौनी-चंडीगढ़ के बीच साप्ताहिक आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गोरखपुर के रास्ते संचालित होने वाली इस ट्रेन से यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04536 चंडीगढ़-बरौनी साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन 23 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को चंडीगढ़ से रात 11:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन निर्धारित स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन रात 12:30 बजे बरौनी पहुंचेगी। गाड़ी गोरखपुर स्टेशन पर अगले दिन शाम 5 बजे पहुंचेगी और 5:05 बजे प्रस्थान करेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04535 बरौनी-चंडीगढ़ साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन 25 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को बरौनी से रात 2:35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन गोरखपुर सुबह 10:20 बजे पहुंचेगी और 10:25 बजे प्रस्थान करेगी। निर्धारित स्टेशनों से होते हुए ट्रेन अगले दिन सुबह 3:35 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में यह ट्रेन कुल छह-छह फेरों के लिए संचालित की जाएगी। इसके ठहराव अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, देवरिया सदर, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर और शाहपुर पटोरी सहित प्रमुख स्टेशनों पर होंगे।

इस विशेष ट्रेन में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 11, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के तीन तथा जनरेटर सह लगेज यान के दो कोच सहित कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे के इस निर्णय से त्योहारों के दौरान चंडीगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

No comments:

Post a Comment

Pages