बस्ती। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना तथा पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने नगर पालिका परिषद कार्यालय भवन, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन बस्ती सदर और क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन हर्रैया में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान संबंधी व्यवस्थाओं, कार्मिकों की भूमिका और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने, मतदान की गोपनीयता एवं निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखने और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतदान के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर उसका समाधान कराया जाए।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि मतदान शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

No comments:
Post a Comment