- जिलाधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने किया भूमि का निरीक्षण, चौड़ी सड़कें, पार्क और बेहतर बुनियादी सुविधाएं होंगी उपलब्ध
बस्ती। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत बस्ती में आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। बस्ती विकास प्राधिकरण की प्रस्तावित परियोजना के लिए गणेशपुर में भूमि चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी के नेतृत्व में प्राधिकरण और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल की भौगोलिक स्थिति, संपर्क मार्गों की उपलब्धता और भूमि उपयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि परियोजना को आगे बढ़ाया जा सके।
प्रस्तावित टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, पार्क, सुचारु जलापूर्ति और बेहतर विद्युत व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं से युक्त आवासीय भूखंड विकसित करने की योजना है। इससे जनपद के नागरिकों को बेहतर आवासीय विकल्प उपलब्ध होने के साथ ही शहरी क्षेत्र का व्यवस्थित विस्तार सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इस परियोजना से बस्ती में सुनियोजित शहरीकरण को बढ़ावा मिलने और अनियोजित कॉलोनियों की समस्या पर अंकुश लगाने की उम्मीद है। साथ ही निर्माण कार्यों और संबंधित आर्थिक गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर व्यापार, निवेश और रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
गणेशपुर में प्रस्तावित टाउनशिप को जनपद के शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। फिलहाल भूमि चयन और आवश्यक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। परियोजना के क्रियान्वयन से संबंधित आगामी कदम इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद स्पष्ट होंगे।

No comments:
Post a Comment