संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एसपी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में समाधान किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए, जिससे जनसुनवाई की प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी बनी रहे।
एसपी ने कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें न्याय एवं सुरक्षा का भरोसा दिलाना है। पुलिस जनता की समस्याओं के समाधान और बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में निष्पक्षता और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

No comments:
Post a Comment