<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, October 20, 2026

दशहरा मेला और प्रतिमा विसर्जन को लेकर बस्ती में यातायात डायवर्जन लागू, चार स्थानों पर पार्किंग


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

बस्ती। दशहरा मेला एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सकुशल और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जनपद के शहरी क्षेत्र में यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था 20 से 27 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम चार बजे से मेला समाप्ति और मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और वाहनों को तय पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने की अपील की है।

यातायात व्यवस्था के तहत पाण्डेय बाजार में चैनपुरवा और शहर की ओर से आने वाले वाहनों को पॉलिटेक्निक चौराहा एवं बरदहिया के रास्ते भेजा जाएगा। पाण्डेय बाजार से करुआ बाबा की ओर आने वाले वाहन रेलवे स्टेशन के दक्षिणी दरवाजे और जिगिना होकर जाएंगे। रेलवे स्टेशन तथा पचपेड़िया रोड से आने वाले वाहनों को अस्पताल चौराहे से जिगिना, मुंडेरवा और सोनूपार की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

सोनूपार और मुंडेरवा की ओर से आने वाले वाहन रोडवेज, मालवीय तिराहा तथा जिगिना से पूर्वी क्रॉसिंग होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। रोडवेज, अस्पताल और रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहनों को मालवीय तिराहा से रौता, फौव्वारा, कंपनीबाग और बड़ेबन की ओर भेजा जाएगा। मालवीय तिराहा से आने वाले वाहनों को आवश्यकतानुसार जीआईसी मैदान में पार्क कराया जाएगा या वापस भेजा जाएगा। गांधी नगर जाने वाले वाहनों के लिए रीता तिराहा और रंजीत चौराहा का मार्ग निर्धारित किया गया है।

गांधीनगर में वाहन खड़ा करने पर रोक

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन वाहनों को छोड़कर कोई भी वाहन कंपनीबाग से गांधी नगर होकर रोडवेज की तरफ नहीं जाएगा। मेला में आने वाले श्रद्धालुओं और दुकानदारों के लिए जीआईसी मैदान, केडीसी मैदान, पुलिस अधीक्षक आवास के सामने खाली स्थान तथा श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज, दक्षिण दरवाजा में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग व्यवस्था 20 से 27 अक्टूबर तक मूर्ति विसर्जन समाप्त होने तक 24 घंटे प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है।

No comments:

Post a Comment

Pages