<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, October 24, 2026

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का डीएम ने किया निरीक्षण, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के दिए निर्देश

बस्ती। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को आयोजित विशेष कैंपों का जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हर्रैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदेय स्थलों पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के संविलियन प्राथमिक विद्यालय थान्हा खास स्थित बूथ संख्या 406 व 407 तथा प्राथमिक विद्यालय हर्रैया प्रथम स्थित बूथ संख्या 390 का निरीक्षण किया। इसके अलावा कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बूथ संख्या 297 व 298 पर चल रहे विशेष कैंप की व्यवस्थाएं देखीं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की उपस्थिति, आवेदन प्रक्रिया और पात्र मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान किसी भी पात्र मतदाता को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। बीएलओ निर्धारित समय पर मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दें और प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करें। जिन पात्र मतदाताओं के नाम अभी सूची में शामिल नहीं हैं, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages