गोरखपुर। सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में शुक्रवार को 33वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2026 का शुभारम्भ हुआ। 26 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबन्धक विनोद कुमार शुक्ल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन मुकाबले में मेजबान पूर्वोत्तर रेलवे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पश्चिम रेलवे को 65-32 अंकों से पराजित किया।
मुकाबले में पूर्वोत्तर रेलवे की टीम ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। टीम की ओर से रामाश्रय यादव, दीपक कश्यप और शशि ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। दूसरे मुकाबले में उत्तर रेलवे ने दक्षिण मध्य रेलवे को 67-44 अंकों से हराया। दक्षिण रेलवे और मध्य रेलवे के बीच मुकाबला देर शाम तक जारी था।
मुख्य अतिथि विनोद कुमार शुक्ल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता से चयनित रेलवे सुरक्षा बल की बास्केटबॉल टीम अखिल भारतीय पुलिस खेल प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल सत्य प्रकाश ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल सात टीमें हिस्सा ले रही हैं। टीमों को दो पूलों में बांटा गया है। लीग मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल और फाइनल सहित कुल 13 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता को निष्पक्ष बनाने के लिए बास्केटबॉल संघ गोरखपुर और पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ के रेफरी एवं निर्णायक मंडल के सदस्य जिम्मेदारी निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 1989 में चेन्नई में हुई थी। वर्ष 2025 में गोरखपुर में आयोजित प्रतियोगिता में मेजबान पूर्वोत्तर रेलवे सुरक्षा बल की टीम विजेता रही थी।
इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रीय रेलों के प्रतिनिधि, खेल संघों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। शनिवार को प्रतियोगिता में छह मुकाबले खेले जाएंगे।

No comments:
Post a Comment