<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, October 15, 2026

रेलवे की 514 निर्माण परियोजनाओं की निगरानी होगी डिजिटल, आरडीएसओ में कार्यशाला शुरू


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

लखनऊ। भारतीय रेल की निर्माण परियोजनाओं के प्रबंधन और निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) में बीआईएम आधारित परियोजना प्रबंधन सूचना प्रणाली (पीएमआईएस) पर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई। 15 और 16 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यशाला में क्षेत्रीय रेलों, रेलवे बोर्ड और रेलवे के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के वरिष्ठ अधिकारी भाग ले रहे हैं।

भारतीय रेल वर्तमान में लगभग 40 हजार किलोमीटर क्षेत्र में फैली 514 प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं पर काम कर रही है। इनकी अनुमानित कुल लागत 18.31 लाख करोड़ रुपये है। इनमें नई रेल लाइनें, दोहरीकरण, संरक्षा सुधार और आधुनिकीकरण के कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं की निगरानी के लिए डिजिटल तकनीक और एकीकृत कार्यप्रणाली विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

आरडीएसओ के अपर महानिदेशक काजी मेराज अहमद ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए विभिन्न क्षेत्रीय रेलों और रेलवे उपक्रमों के अनुभव साझा करने को महत्वपूर्ण बताया। कार्यशाला में आरडीएसओ के महानिदेशक प्रभात दनसाना और रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (कार्य) राजेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।

कार्यशाला में निर्माण कार्यों की वास्तविक समय में निगरानी, निर्धारित समय-सारणी के अनुसार लक्ष्यों की समीक्षा, पुलों, सुरंगों और बायडक्ट के निर्माण की प्रगति का आकलन तथा डिजिटल मापन एवं बिलिंग पर चर्चा हुई। इसके अलावा मोबाइल एप से निर्माण स्थलों की प्रगति दर्ज करने और मॉडल आधारित आंकड़ों से रनिंग अकाउंट बिलों का सत्यापन करने पर भी विचार किया गया।

परियोजना प्रबंधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग पर भी चर्चा हुई। तस्वीरों के विश्लेषण से निर्माण कार्यों की प्रगति का आकलन, चैटबॉट से जानकारी उपलब्ध कराने और समय-सारणी में सुधार जैसे विषय इसमें शामिल रहे।

बीआईएम आधारित प्रणाली को रेलवे की परियोजना स्वीकृति एवं प्रबंधन प्रणाली (आईआरपीएसएम) से जोड़ने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। इससे आंकड़ों की दोहरी प्रविष्टि कम करने और रेलवे बोर्ड को परियोजनाओं की सत्यापित प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। कार्यशाला का उद्देश्य रेलवे निर्माण परियोजनाओं में बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन को बढ़ावा देना है।

No comments:

Post a Comment

Pages